ओरछा में होली का जश्न उस समय मातम में बदल गया, जब झांसी से आए दो युवक बेतवा नदी में डूब गए। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों अपने दोस्तों के साथ होली मनाने के बाद नदी किनारे पहुंचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए। तेज बहाव के कारण दोनों गहरे पानी में चले गए। एक युवक का शव घटना वाले दिन ही एसडीआरएफ ने बरामद कर लिया था, जबकि दूसरे का शव आज गोताखोरों की टीम ने खोज निकाला।
तेज बहाव बना हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी का बहाव अत्यधिक तेज था। भारतीय सेना में पदस्थ निपेश पस्तोर अपने साथियों के साथ रंग-गुलाल लगाए नदी किनारे पहुंचे थे। पानी में उतरते ही वह गहरे हिस्से में चले गए और देखते ही देखते लहरों में समा गए। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
छुट्टी खत्म होने से पहले हुआ दर्दनाक अंत
परिजनों के अनुसार निपेश जालंधर में तैनात थे और अवकाश समाप्त होने पर उन्हें वापस यूनिट में रिपोर्ट करना था। होली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी में उतरते समय सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
Comments (0)