जोड़ों और कमर दर्द से राहत पाने के लिए अपनाया गया एक घरेलू नुस्खा पन्ना में एक परिवार के लिए जानलेवा साबित होते-होते बचा। धतूरा और स्थानीय जड़ी-बूटी से तैयार काढ़ा पीने के बाद मां और उसके दो बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे हड़कंप मच गया।
बिना सलाह पिया जहरीला काढ़ा
जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय सावित्री बाई ने किसी परिचित की सलाह पर घर में धतूरा मिलाकर काढ़ा तैयार किया। दोपहर में उन्होंने स्वयं भी काढ़ा पिया और अपने बेटे शिवम आदिवासी (22 वर्ष) तथा बेटी रेखा आदिवासी (24 वर्ष) को भी पिला दिया। कुछ ही देर में तीनों को तेज चक्कर, उल्टियां और शरीर सुन्न होने की शिकायत होने लगी।
समय पर इलाज से टला बड़ा हादसा
परिजनों ने हालत गंभीर देख तुरंत तीनों को जिला अस्पताल पन्ना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने इसे भोजन विषाक्तता का मामला मानते हुए तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से बड़ा हादसा टल गया। डॉक्टरों ने लोगों से बिना चिकित्सकीय परामर्श किसी भी प्रकार की जड़ी-बूटी या देसी दवा का सेवन न करने की अपील की है।
Comments (0)