सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फरियादी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को भोपाल से दस्तयाब कर न्यायालय में पेश किया। मामले की विवेचना जारी है।
नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन, ऑनलाइन व नगद वसूली
पुलिस के अनुसार 04 जनवरी 2026 को फरियादी रामचन्द्र निवासी पन्ना ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गिरीश पाल, निवासी भोपाल, ने सरकारी नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन देकर विश्वास में लिया। आरोपी ने अलग-अलग तिथियों में ऑनलाइन एवं नगद माध्यम से कुल लगभग ₹6 लाख रुपये प्राप्त कर लिए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली पन्ना में अपराध क्रमांक 18/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
तकनीकी साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तारी
मामले में पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वन्दना सिंह, एसडीओपी एस पी सिंह बघेल के निर्देशन व मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान फरियादी एवं साक्षियों के कथन, साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने फरियादी से फोन-पे के माध्यम से लगभग ₹5,80,000 तथा ₹20,000 नगद प्राप्त किए थे। आरोपी ने बताया कि ₹1,10,000 रुपये वापस कर दिए गए थे, जबकि शेष राशि पत्नी के इलाज में खर्च कर दी गई।
मोबाइल फोन जप्त, विवेचना जारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी में प्रयुक्त सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन जप्त किया है। आरोपी के विरुद्ध अन्य स्थानों से भी जानकारी एकत्र की जा रही है, जिससे मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
सराहनीय योगदान
कार्रवाई में निरीक्षक रोहित मिश्रा, सउनि के.पी. विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक अईमात सेन, आरक्षक बृषकेतु रावत, संतोष तोमर, महिला आरक्षक रंजना, आरक्षक सत्यम अग्निहोत्री एवं साइबर सेल पन्ना की टीम का सराहनीय योगदान रहा।
Comments (0)