पन्ना। लोकायुक्त संभाग सागर ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत चौपरा के सरपंच को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
कूप निर्माण शुरू कराने के बदले मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चौपरा निवासी नंदलाल राठौर ने अपनी एक हेक्टेयर कृषि भूमि पर सिंचाई सुविधा के लिए कपिलधारा योजना अंतर्गत कूप निर्माण हेतु आवेदन किया था। जनपद पंचायत शाहनगर से कूप निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी थी और कार्य मनरेगा के तहत प्रस्तावित था। शिकायत के अनुसार, कार्य प्रारंभ कराने के लिए संपर्क करने पर सरपंच जगत आदिवासी ने 11,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।
पहली किस्त लेते ही लोकायुक्त टीम ने दबोचा
आवेदक द्वारा की गई शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। बुधवार को जैसे ही आवेदक ने सरपंच को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 5,000 रुपये सौंपे, पहले से तैनात लोकायुक्त पुलिस ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही संबंधित कार्यालय परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। लोकायुक्त पुलिस द्वारा प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक कमल सिंह उइके, निरीक्षक रंजीत सिंह सहित लोकायुक्त सागर की टीम की प्रमुख भूमिका रही।
Comments (0)