दक्षिण पन्ना वनमंडल के लिए यह गर्व का विषय है कि कल्दा वन धन विकास केंद्र का चयन नई दिल्ली में 18 से 30 मार्च 2026 तक आयोजित भारत ट्राइब्स फेस्ट (आदि महोत्सव) में मध्यप्रदेश के प्रतिनिधित्व के लिए किया गया है। इस राष्ट्रीय मंच पर चिरौंजी, प्राकृतिक शहद और महुआ लड्डू जैसे जनजातीय उत्पादों की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जो क्षेत्र की समृद्ध वन संपदा और जनजातीय आजीविका को नई पहचान दिला रही है।
जनजातीय उत्पादों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
कल्दा वन धन विकास केंद्र द्वारा चिरौंजी, प्राकृतिक शहद, महुआ लड्डू, आंवला आचार, त्रिफला चूर्ण, सूखा आंवला, बाल हर्रा और बहेड़ा छिलका जैसे उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इन उत्पादों की उच्च गुणवत्ता, स्वच्छता और आकर्षक पैकेजिंग ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। सभी उत्पादों का परीक्षण एफएसएसएआई मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में कराया गया है, जिससे उनकी विश्वसनीयता सुनिश्चित हुई है।
जनजातीय आजीविका को मिल रहा बढ़ावा, खुलेंगे रिटेल आउटलेट
यह पहल स्थानीय जनजातीय समुदाय की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। आधुनिक विपणन के माध्यम से इन उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है। वन विभाग द्वारा पन्ना, पवई और शाहनगर में रिटेल आउटलेट खोलने की योजना भी बनाई गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर उत्पादों की उपलब्धता बढ़ेगी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
Comments (0)