रायपुर कमिश्नरेट की गाइडलाइन के तहत राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार मुस्तैद नजर आ रही है। वर्तमान में चैत्र नवरात्रि का पर्व चल रहा है, जिसके मद्देनज़र “पिंक पेट्रोल अभियान” के तहत शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
महिलाओं, बच्चों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। खासतौर पर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक महिला पुलिसकर्मी मंदिर परिसरों में ड्यूटी करते हुए श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 9479210932 की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता मिल सके।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अर्चना झा ने बताया कि यदि कोई महिला खुद को असुरक्षित महसूस करती है, तो वह तुरंत इस नंबर पर संपर्क कर सकती है। नवरात्रि के दौरान करीब 200 से अधिक महिला पुलिसकर्मी विभिन्न मंदिरों में तैनात की गई हैं।