रायपुर। 12वीं बोर्ड के परीक्षार्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हिन्दी विषय की परीक्षा को रद्द कर दिया है। यह फैसला पेपर लीक की आशंका के चलते लिया गया है, जिससे हजारों छात्रों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मंडल द्वारा जारी सूचना के अनुसार, अब हिन्दी विषय की परीक्षा दोबारा 10 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
बताया जा रहा है कि पेपर लीक मामले की जानकारी सामने आने के बाद बोर्ड ने तत्काल एक्शन लेते हुए परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया। वहीं, इस फैसले के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता और असमंजस का माहौल है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने छात्रों से अपील की है कि वे नई तिथि के अनुसार तैयारी जारी रखें और आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।