रायपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने एक युवक को कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कृष्ण कुमार गोपाल (अग्रवाल) के रूप में हुई है, जो गीतांजलि नगर क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी बेहद शातिर तरीके से कोकीन मंगवाता था। वह एंटीक आइटम और बीपी मशीन के बीच कोकीन छिपाकर कोरियर के जरिए मंगवाता था। इस बार भी उसने श्री मारुति कोरियर कंपनी के माध्यम से पार्सल मंगवाया था, जिसे रिसीव कर बाहर निकलते समय पुलिस ने उसे धर दबोचा।
आरोपी के कब्जे से 4.55 ग्राम कोकीन, एक चार पहिया वाहन और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। मामले में देवेंद्र नगर थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कोकीन दिल्ली के किसी ‘निक’ नामक व्यक्ति से मंगवाता था और कोरियर अपने ड्राइवर के नाम पर बुलवाता था, ताकि खुद पर शक न हो।
फिलहाल रायपुर क्राइम ब्रांच पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और पुलिस आज इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है।
Comments (0)