रायपुर। अमेरिका-इजराइल-ईरान के बीच बढ़ते युद्ध जैसे हालात का असर अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी देखने को मिल रहा है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी के चलते शहर में मंगलवार को 20 से अधिक रेस्टॉरेंट बंद रहे, जिससे होटल और कैटरिंग कारोबार पर सीधा असर पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक रायपुर में 100 से अधिक बड़े रेस्टॉरेंट संचालित होते हैं। लेकिन कमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिलने के कारण कई रेस्टॉरेंट को मजबूरन अपना संचालन बंद करना पड़ा। वहीं शादी-विवाह के सीजन के चलते कैटरिंग व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।
होटल और रेस्टॉरेंट संचालकों का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से परेशानी बढ़ गई है। कई बड़े होटलों के पास फिलहाल केवल 2 से 3 दिन का ही सिलेंडर स्टॉक बचा है। अगर जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में और रेस्टॉरेंट बंद होने की संभावना जताई जा रही है।
व्यापारियों का कहना है कि अगर स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है तो होटल, रेस्टॉरेंट और कैटरिंग व्यवसाय को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।