रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी करते हुए शातिर तस्कर उदय जैन की पत्नी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए माधुरी उर्फ डॉली जैन को उसके साथी कृष्णा साहू के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आरंग क्षेत्र से स्कूटी में गांजा लेकर शहर की ओर आ रहे थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 6 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार यह गांजा उड़ीसा से लाकर आरंग समेत शहर के आउटर इलाकों में डंप किया जा रहा था और यहां से इसकी सप्लाई की जाती थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाना में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
रायपुर क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Comments (0)