राजधानी रायपुर के देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला सहित दो आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। देवपुरी स्थित ज्वेलरी दुकान के संचालक ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि एक महिला और एक युवक सोने का रानी हार खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचे थे।
जेवर देखने के दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और चांदी की बिछिया पहन ली। इसके बाद उसने बहाना बनाया कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह भी एक हार खरीदेगी।
कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करते हुए दुकान के बाहर गई और सहेली को बुलाकर लाने की बात कहकर वहां से फरार हो गई। घटना के बाद दुकान संचालक ने इसकी शिकायत पुलिस से की।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर पुलिस ने फरार महिला आरोपी की पहचान की और कार्रवाई करते हुए उसे दुर्ग शहर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने महिला आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सभी जेवरात और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले में एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Comments (0)