राजधानी रायपुर में डिजिटल अरेस्ट धोखाधड़ी के खिलाफ रेंज साइबर सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को अधिकारी बताकर पीड़ित को “डिजिटल अरेस्ट” का डर दिखाया और कानूनी कार्रवाई से बचाने के नाम पर 1 करोड़ 25 लाख रुपये की ठगी कर ली। यह ठगी सुनियोजित तरीके से की गई, जिसमें पीड़ित को लगातार मानसिक दबाव में रखा गया।
रेंज साइबर सेल की तत्परता से कार्रवाई करते हुए पीड़ित को आंशिक राहत दिलाई गई है। टीम ने 58 हजार रुपये वापस करवाए हैं, जबकि शेष पूरी राशि को अलग-अलग बैंक खातों में होल्ड करा दिया गया है, जिससे आगे की रिकवरी की प्रक्रिया जारी है।
मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) एवं आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी देश के कई राज्यों में इसी तरह डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।
पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है, ताकि इस बड़े साइबर ठगी गिरोह का पूरी तरह पर्दाफाश किया जा सके।
Comments (0)