छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान पुलिस के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। नशे में धुत एक वाहन चालक ने ट्रैफिक टीआई से अभद्रता करते हुए खुद को भाजपा मंडल अध्यक्ष बताया और वर्दी उतरवाने की धमकी तक दे डाली।
जानकारी के मुताबिक चेकिंग के दौरान आरोपी विकास शुक्ला ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज की। इस दौरान उसने एक जवान की वर्दी भी फाड़ दी, जिससे मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। मामले की शिकायत ट्रैफिक टीआई ने तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खुद को भाजपा मंडल अध्यक्ष बताने वाले विकास शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार घटना रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है और मामले की जांच की जा रही है।