रायपुर। राजधानी रायपुर में सूखे नशे के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। टिकरापारा थाना पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पहले आरक्षक हुआ था गिरफ्तार
दो दिन पूर्व टिकरापारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरक्षक हिमांशु बर्मन को 1 ग्राम चिट्टा हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। मामले में Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act (NDPS एक्ट) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी ने लक्की सिंह नामक युवक से चिट्टा खरीदने की बात कबूल की।
5.5 ग्राम चिट्टा और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी लक्की सिंह (निवासी कुकरी पारा, सुभाष नगर, रायपुर) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5.5 ग्राम चिट्टा हेरोइन और एक जिंदा कारतूस जब्त किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कुल 6 ग्राम चिट्टा खरीदा था, जिसमें से आधा ग्राम का सेवन कर लिया था और शेष अपने पास रखा था।
आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं
जिंदा कारतूस मिलने के बाद मामले में NDPS एक्ट के साथ-साथ Arms Act 1959 के तहत भी अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।