रायपुर। राजधानी रायपुर में नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है, जहां रिंग रोड नंबर-2 स्थित हाईटेक पार्किंग के पीछे संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक दोपहिया वाहन से प्रतिबंधित टेबलेट लेकर बिक्री की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम मौके पर पहुंची और तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 556 नग प्रतिबंधित निट्राजेपम और स्पासमो टेबलेट बरामद किए गए।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अविनाश कुमार इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। वह पड़ोसी राज्यों से प्रतिबंधित दवाएं मंगाकर रायपुर में सप्लाई करता था। उसके खिलाफ पहले से वारंट लंबित होने की भी जानकारी मिली है।
अन्य दो आरोपियों की पहचान राहुल कुमार शाह और रोशन यादव के रूप में हुई है। जब्त की गई नशीली दवाओं की कुल कीमत करीब 2.62 लाख रुपये बताई गई है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना खमतराई में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
Comments (0)