रायपुर। राजधानी रायपुर के फाफाडीह रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पास नाले में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझा ली। इस मामले में मृतक का ही दोस्त कातिल निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजा साहू (25) के रूप में हुई है। वहीं आरोपी का नाम बिट्टू यादव (19) बताया गया है। घटना वाले दिन आरोपी सुबह राजा साहू को घर से घुमाने के बहाने अपने साथ लेकर गया था।
बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी बिट्टू यादव ने राजा साहू पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को फाफाडीह रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पास नाले में फेंक दिया ताकि किसी को शक न हो।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर महज 12 घंटे के भीतर आरोपी बिट्टू यादव को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Comments (0)