रायपुर। राजधानी के फतेहशाह मार्केट में एक बार फिर दबंगई का मामला सामने आया है। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने दुकानदारों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी वसीम खान उर्फ मम्मा बाजार में दुकानदारों से शराब के लिए पैसे मांग रहा था। विरोध करने पर उसने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए हाथापाई की। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी अक्सर बाजार क्षेत्र में उत्पात मचाता रहता है।
स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि वसीम खान पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है, लेकिन हर बार मामूली धाराओं में कार्रवाई होने से वह दोबारा क्षेत्र में सक्रिय हो जाता है। इस घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश है और उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले में कोतवाली थाना रायपुर में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी पर सख्त कदम नहीं उठाया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
Comments (0)