राजधानी रायपुर में टूर एंड ट्रेवल्स व्यवसायी से होटल बुकिंग के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। एसीसीयू और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय ठग को हावड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से साढ़े चार लाख रुपये नगद और एक आईफोन बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुनानक नगर, तेलीबांधा निवासी हरदीप सिंह होरा टूर एंड ट्रेवल्स का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें व्हाट्सएप कॉल के जरिए खुद को हर्षित अग्रवाल बताने वाले व्यक्ति ने संपर्क किया। आरोपी ने अमेरिका और लंदन में होटल बुकिंग कराने की बात कही और भुगतान करने के बहाने उन्हें तेलीबांधा स्थित करेंसी टॉवर के एक को-वर्किंग स्पेस में बुलाया।
यहां आरोपी ने 18 हजार अमेरिकी डॉलर और 2 हजार ब्रिटिश पाउंड लेकर मौके से फरार हो गया। ठगी की कुल रकम भारतीय मुद्रा में करीब 19 लाख 47 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के तार पश्चिम बंगाल से जुड़े मिले। इसके बाद टीम ने हावड़ा पहुंचकर प्रोसेनजित चक्रवर्ती नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस ठगी को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
Comments (0)