करीब एक दशक बाद रायपुर में फिर से इंडियन प्रीमियर लीग का रोमांच देखने को मिल सकता है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो मैच आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों को लंबे समय बाद आईपीएल मैच लाइव देखने का अवसर मिल सकता है।
चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस से हो सकते हैं मुकाबले
जानकारी के मुताबिक इन मैचों को और रोमांचक बनाने के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने मुकाबले Chennai Super Kings और Mumbai Indians के खिलाफ आयोजित करने की योजना बना रही है। यदि यह प्रस्ताव अंतिम रूप लेता है तो दर्शकों को एक ही मैदान पर विराट कोहली, एमएस धोनी और रोहित शर्मा जैसे स्टार खिलाड़ियों को खेलते हुए देखने का मौका मिल सकता है।
वीआईपी गैलरी और स्क्रीन में होंगे बदलाव
संभावित मैचों को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम की सुविधाओं को बेहतर बनाने की तैयारी भी शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार वीआईपी गैलरी को पहले से अधिक आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जाएगा। इसके अलावा दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए स्टेडियम में लगी बड़ी स्क्रीन को भी अपग्रेड करने की योजना बनाई जा रही है।
स्टेडियम की गोल्ड और सिल्वर श्रेणी की सीटों को भी अधिक लग्जरी बनाने का प्रस्ताव है, ताकि दर्शकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। साथ ही स्टेडियम की अपर गैलरी में लगी दोनों स्क्रीन को हटाने की योजना बनाई जा रही है। इन स्क्रीन को हटाने से लगभग 1500 अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था की जा सकेगी। नई जगह पर बड़ी और आधुनिक स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिन पर दर्शक मैच के अहम पलों को स्लो मोशन में देख सकेंगे।
टीमों की प्रैक्टिस के लिए बनेगी अलग पिच
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के अनुसार टीमों की प्रैक्टिस के लिए स्टेडियम के बाहर अलग से एक पिच तैयार की जाएगी। इसके अलावा फ्रेंचाइजी का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही रायपुर का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सकता है।
करीब 50 हजार से अधिक दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम में मैचों के आयोजन को लेकर फ्रेंचाइजी ने यहां की सुविधाओं और रायपुर के प्रमुख होटलों का भी सर्वे किया है।