रायपुर पुलिस ने नशीले पदार्थ की बिक्री की फिराक में ग्राहक तलाश रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला गंज थाना क्षेत्र का है, जहां एक्सप्रेस-वे रोड के नीचे दोपहिया सवार युवकों के पास ड्रग्स होने की सूचना मिली थी।
सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मीत अंदानी और अनिकेत शुक्ला निवासी रायपुर बताया।
तलाशी लेने पर उनके पास से 1.53 ग्राम एम.डी.एम.ए ड्रग्स बरामद किया गया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नागपुर से रायपुर आने वाली लोकमान्य तिलक ट्रेन के अटेंडर के माध्यम से ड्रग्स की तस्करी करते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एमडीएमए के साथ दो मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।