रायपुर। राजधानी में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पण्डरी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। दिनांक 22 मार्च 2026 को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उरकुरा रोड स्थित चेकिंग प्वाइंट पर एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर जांच की।
जांच के दौरान वाहन में सवार 5 लोगों से पूछताछ की गई, जिन्होंने अपने नाम कीर्तन खर्सेल, मोहनपुर यादव, आकाश शिंदे, गायत्री कलेत और प्रदीप जैन बताए। तलाशी लेने पर वाहन से 42 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर पुणे सप्लाई करने जा रहे थे और रायपुर में डिलिवरी के दौरान उन्हें पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख रुपये नगद, एक डिजायर कार (OD/15/AA/0680) और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
- कीर्तन खर्सेल (32 वर्ष), जिला बरगढ़ (ओडिशा)
- प्रदीप जैन (36 वर्ष), खमतराई, रायपुर
- मोहनपुर यादव (35 वर्ष), जिला बरगढ़ (ओडिशा)
- आकाश शिंदे (26 वर्ष), जिला पुणे (महाराष्ट्र)
- गायत्री कलेत (23 वर्ष), जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़)