छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को ई-मेल के माध्यम से 12 बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी भरा संदेश कार्यालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा गया।
ईमेल से मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सिविल लाइन थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ई-मेल भेजने वाले ने खुद को तमिलनाडु का रहने वाला बताया है।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। एहतियात के तौर पर कार्यालय को तुरंत खाली करा लिया गया। कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जांच के दौरान अभी तक किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए ई-मेल आईडी और आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
Comments (0)