रायपुर में कानून व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एसीसीयू (क्राइम यूनिट) और थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी शहर में चाकूबाजी, पत्थरबाजी कर शांति भंग करने और सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने की घटनाओं में शामिल थे। तीन अलग-अलग मामलों में संलिप्त इन आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में धारदार हथियार भी बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती और गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता साफ नजर आ रही है।
Comments (0)