रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को फरार वारंटियों और इनामी आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय जेल से फरार हुए एक इनामी आरोपी को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले में आरोपी चंद्रवीर सिंह उर्फ पिंटू को विशेष न्यायाधीश NDPS पंकज सिन्हा की अदालत ने 25 जुलाई 2024 को 15 वर्ष के कठोर कारावास और 3 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया था। जुर्माना अदा नहीं करने पर उसे अतिरिक्त 6 वर्ष की सजा का प्रावधान भी था।
अच्छे आचरण के आधार पर आरोपी को जेल से बाहर कार्य के लिए भेजा गया था, लेकिन इसी दौरान वह केंद्रीय जेल रायपुर से फरार हो गया। फरारी के बाद वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। प्रकरण में थाना गंज में धारा 262 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
आखिरकार रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर आगरा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी को रायपुर लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
Comments (0)