राजधानी रायपुर में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर पुलिस ने पाकिस्तान बॉर्डर से हेरोइन लाकर शहर में सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 4 तस्करों को पंजाब से गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान से सटे सीमावर्ती इलाकों से 1200-1300 रुपए प्रति ग्राम की दर से हेरोइन खरीदते थे। इसके बाद पहले इसे पंजाब पहुंचाया जाता था, जहां से ट्रक ड्राइवरों की मदद से रायपुर समेत देश के कई राज्यों में सप्लाई किया जाता था। रायपुर पहुंचने के बाद कुरियर के जरिए यह ड्रग्स सीधे ग्राहकों तक पहुंचाई जाती थी।
यह पूरा नेटवर्क एक संगठित सिंडिकेट के रूप में काम कर रहा था, जो सस्ती दर पर हेरोइन खरीदकर रायपुर में 6 से 8 हजार रुपए प्रति ग्राम की ऊंची कीमत पर बेचता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कवलजीत सिंह पन्नू, तरसेम सिंह, विक्की सिंह और जनक राज के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से बरेटा पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं, जिससे साफ होता है कि यह गिरोह हथियारों के दम पर नशे का कारोबार चला रहा था।
गौरतलब है कि रायपुर पुलिस ने तीन महीने पहले भी इस नेटवर्क से जुड़े 9 सप्लायर्स को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से करीब 80 लाख रुपए की हेरोइन जब्त की गई थी।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
Comments (0)