रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और नशे में वाहन चलाने वालों पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के निर्देशन में शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक रायपुर में हर साल सड़क दुर्घटनाओं में करीब 600 लोगों की मौत हो जाती है। इन हादसों की बड़ी वजह नशे की हालत में वाहन चलाना है। इसी को देखते हुए पुलिस द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के तहत पिछले 10 दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में 614 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों को पकड़ा गया है। वहीं 8 मार्च 2026 को थाना तेलीबांधा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 6 अलग-अलग प्वाइंटों पर जांच की गई, जिसमें 86 चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस की इस कार्रवाई में कई महंगी कारें भी पकड़ी गईं, जिनमें ऑडी और बीएमडब्ल्यू जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है। पुलिस ने रायपुर के नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय नशे का सेवन न करें। तेज रफ्तार और नशे के कारण हो रही दुर्घटनाओं से सबक लेते हुए सड़क पर चलते समय अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखें।
Comments (0)