रायपुर। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 20 लाख रुपये कीमत के 100 गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके असली मालिकों को सौंप दिए।
पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर, रायपुर कमिश्नरेट के निर्देश पर गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित करते हुए गुम मोबाइल फोन की तलाश की।
जांच के दौरान एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीम ने मोबाइल उपयोग करने वाले व्यक्तियों की तस्दीक कर उनसे मोबाइल फोन बरामद कर जमा कराया। इसके बाद अलग-अलग राज्यों और जिलों से मोबाइल फोन को कुरियर के माध्यम से रायपुर मंगाया गया। कुछ मोबाइल धारकों ने जानकारी मिलने पर स्वयं भी फोन कुरियर के जरिए भेजे।
पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उड़ीसा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, दिल्ली और बिहार सहित कई राज्यों से मोबाइल फोन बरामद किए। कुल 100 मोबाइल फोन जिनकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये है, बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को वितरित किया गया।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तुरंत www.ceir.gov.in पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराएं और अपने नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें, ताकि मोबाइल का किसी भी अपराध में दुरुपयोग न हो सके।
Comments (0)