रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और सभी से शांतिपूर्वक व सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी रंगोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया है। इस तरह के आयोजनों से आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता मजबूत होती है। उन्होंने प्रेस क्लब को इस सफल आयोजन के लिए धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
होली मिलन समारोह के दौरान रंगोत्सव कार्यक्रम में जमकर उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।
इस अवसर पर पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी और संतोष पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सौहार्द का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे हर्षोल्लास के साथ-साथ कानून व्यवस्था का ध्यान रखते हुए सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाएं।
रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित यह होली मिलन समारोह उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।
Comments (0)