रायपुर। राजधानी रायपुर में फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। गंज निवासी कारोबारी आशीष तिवारी से करीब 56 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने खुद को बेंगलुरु स्थित चर्चित कैफे The Rameshwaram Cafe का संस्थापक, हेड ऑफ डिपार्टमेंट और पब्लिक रिलेशन मैनेजर बताकर संपर्क किया। उन्होंने रायपुर में कैफे की फ्रेंचाइजी देने का झांसा दिया और प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट समेत विभिन्न मदों में रकम जमा कराने को कहा।
बताया जा रहा है कि अलग-अलग बैंक खातों में कुल 56 लाख रुपये ट्रांसफर करवाए गए। पैसे जमा होने के बाद आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया। शक होने पर जब पीड़ित ने कंपनी से वास्तविक जानकारी ली तो ठगी का खुलासा हुआ। इस मामले में गंज थाना में अज्ञात खाताधारकों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस बैंक खातों की डिटेल, ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड और कॉल डिटेल के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस ने व्यापारियों और निवेशकों से अपील की है कि किसी भी ब्रांड की फ्रेंचाइजी लेने से पहले आधिकारिक वेबसाइट, सत्यापित ईमेल और अधिकृत प्रतिनिधियों के माध्यम से पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें, ताकि इस तरह की साइबर ठगी से बचा जा सके।