राजधानी रायपुर में रविवार देर रात एक भयावह सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा विधानसभा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां धान से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। मिली जानकारी के अनुसार, कार में पति-पत्नी और ड्राइवर सवार थे। अचानक ट्रक के पलटने से कार पूरी तरह उसके नीचे दब गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। ट्रक के नीचे दबे वाहन को बाहर निकालने के लिए जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद ली गई। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों लोगों के शव बाहर निकाले गए।
हादसे के कारणों की जांच
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि तेज रफ्तार या संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रक पलटा। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही होगा। इस हादसे से शहर में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था पर सख्ती बरतने की मांग की है।
Comments (0)