रायपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के बीच 30 जुलाई 2025 को हुए समझौता ज्ञापन के तहत मानव तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयासों को और मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में 23 मार्च 2026 को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल मुख्यालय स्थित उल्लास अधिकारी क्लब, डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया।
सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में डेलिना खोंगडुप (पूर्व सदस्य, राष्ट्रीय महिला आयोग) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में नौशीना आफरीन अली, संजीव शुक्ला, मुनव्वर खुर्शीद, दयानंद मंडल, दिव्यांग पटेल, विपिन ठाकुर और रमन कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
इस सेमिनार में RPF के 137, पुलिस बल के 31, जीआरपी के 19, टिकट चेकिंग स्टाफ के 10, ड्राइवर-गार्ड के 13 और पोर्टर-कुली के 12 सहित कुल 222 लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मानव तस्करी के कारणों, इसमें संलिप्त आरोपियों और पीड़ितों की पहचान, तथा ऐसे मामलों में की जाने वाली विधिक कार्रवाई पर विस्तार से जानकारी दी।
रेलवे प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति बच्चों या महिलाओं के साथ संदिग्ध स्थिति में यात्रा करता दिखाई दे या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या नजदीकी RPF/GRP/पुलिस को सूचना दें। मानव तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।