रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खम्हारडीह पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है।
दिनांक 19 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि कचना स्थित शराब दुकान के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की दोपहिया वाहनों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा एवं थाना प्रभारी डॉ. मानसी नानाभाऊ साकोरे के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने पुराने साथियों के साथ मिलकर चोरी करते थे और मोवा निवासी शेख स्वालेह से अवैध रूप से चाबी बनवाकर चोरी की गाड़ियों को आसानी से चालू करते थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल 11 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Comments (0)