रायपुर। शहर में बढ़ती पानी की गंभीर समस्या को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने लाखेनगर स्थित नगर निगम जोन-5 कार्यालय का घेराव किया।
करण नगर, परमेश्वरी और चांगोरभाठा सहित आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान नागरिकों के समर्थन में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक जोन कार्यालय के सामने धरने पर बैठे रहे। आम नागरिकों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता करीब पांच घंटे तक धरने पर डटे रहे।
नगर निगम प्रशासन की उदासीनता से नाराज कार्यकर्ताओं ने जोन कार्यालय परिसर में मटका फोड़कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
शाम करीब 5 बजे जोन कमिश्नर के कार्यालय पहुंचने के बाद शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने उनसे मुलाकात कर क्षेत्र में व्याप्त पानी की गंभीर समस्या को विस्तार से रखा।
इस दौरान मेनन ने कहा कि रायपुर नगर निगम में भाजपा की महापौर मीनल चौबे होने के बावजूद उनके ही वार्ड के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। जब राजधानी के महापौर के वार्ड में ही यह स्थिति है तो शहर के अन्य वार्डों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देवेंद्रनगर में बंद पड़ी दुकानों को खुलवाने के लिए महापौर बैठक लेती हैं, जबकि शहर की आम जनता की सबसे बड़ी समस्या पानी को लेकर नगर निगम प्रशासन और महापौर पूरी तरह आंखों पर पट्टी बांधकर बैठे हुए हैं।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही क्षेत्र में पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नगर निगम के खिलाफ और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Comments (0)