टीवी जगत से जुड़े चर्चित अभिनेता एवं सौरभ पटेल का देवेन्द्रनगर आगमन हुआ। वे बिरादरी कोठी स्थित सवाई महाराज डॉ. हृदयेश शाह जू देव के निवास पहुँचे, जहाँ स्थानीय नागरिकों एवं संस्था प्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। अभिनेता के आगमन से नगर में उत्साह का माहौल देखा गया। सौरभ पटेल ने इस दौरान असित अंजना हेरिटेज फाउंडेशन से जुड़ते हुए “विंध्य कौशल संकल्प” पहल के अंतर्गत पन्ना जिले में वेबसीरीज और फिल्मों के निर्माण की योजना पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक लोकेशनों का उपयोग कर शूटिंग की जाएगी, जिससे पन्ना को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल सके। साथ ही स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को अवसर प्रदान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
अभिनेता ने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य केवल मनोरंजन सामग्री का निर्माण नहीं, बल्कि बुंदेलखंड के युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर सृजित करना भी है। वेबसीरीज और फिल्म निर्माण से जुड़े विभिन्न विभागों—जैसे अभिनय, कैमरा, संपादन, मेकअप और सेट डिज़ाइन—में स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में काम किया जाएगा। इस पहल को लेकर स्थानीय स्तर पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली। नागरिकों का मानना है कि फिल्म एवं वेबसीरीज निर्माण से क्षेत्र में रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
टीवी और वेब प्लेटफॉर्म पर सक्रिय पहचान
उल्लेखनीय है कि सौरभ पटेल Bigg Boss के सीजन 12 में अपने मित्र शिवाशीष मिश्रा के साथ “विचित्र जोड़ी” के रूप में शामिल हुए थे। शो के बाद उन्होंने अभिनय को करियर बनाते हुए “गुड़िया हमारी सब पे भारी” जैसे टीवी शो तथा वेबसीरीज “गांठ जमना पार – पार्ट 1” में काम किया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, संस्था पदाधिकारी एवं पत्रकार साथी उपस्थित रहे। स्थानीय स्तर पर फिल्म–वेबसीरीज निर्माण की संभावनाओं को लेकर सार्थक चर्चा हुई, जिससे रोजगार और रचनात्मक अवसरों की उम्मीद जगी है।
Comments (0)