रायपुर के आमातालाब स्थित रामकुंड परिसर में श्री पंचमुखी शिव मंदिर एवं श्री बांके बिहारी राधाकृष्ण मंदिर में भव्य शतचंडी यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान का संचालन यज्ञाचार्य पं. हिमांशु कृष्ण शास्त्री के मार्गदर्शन में विधि-विधान से किया जा रहा है। यज्ञ का शुभारंभ 19 मार्च को चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा से हुआ, जिसमें प्रायश्चित संकल्प, कलश यात्रा, मंडप प्रवेश और वेदी स्थापना जैसे कार्यक्रम संपन्न हुए। दूसरे दिन 20 मार्च को वेदी पूजन, षोडश स्तंभ पूजन, वेद पूजन, मां भगवती पूजन के साथ सहस्त्रार्चन यज्ञ और आरती आयोजित की गई। आयोजन का मुख्य आकर्षण 27 मार्च को चैत्र शुक्ल पक्ष नवमी के दिन पूर्णाहुति कार्यक्रम रहेगा। इस दिन विशेष पूजन, सहस्त्रधारा यज्ञ, वसोधारा आरती, मंडप परिक्रमा और ब्राह्मण पूजन के बाद विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार 28 मार्च को चैत्र शुक्ल पक्ष दशमी पर तीर्थ विसर्जन के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है तथा श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।