भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के अंतर्गत जिले की पन्ना, पवई एवं गुनौर विधानसभा की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित राजनैतिक दलों की बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऊषा परमार ने जानकारी देते हुए बताया कि एक जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर जिले में कुल 7,50,769 मतदाता पंजीकृत हैं।
प्रारंभिक सूची से अंतिम प्रकाशन तक बढ़े 14,837 मतदाता
बैठक में बताया गया कि 23 दिसम्बर को प्रकाशित प्रारंभिक मतदाता सूची में 7,35,932 मतदाता दर्ज थे। प्रारंभिक से अंतिम प्रकाशन के बीच शुद्ध रूप से 14,837 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान नवीन नाम जोड़ने के 17,399 आवेदन, निरसन के 2,122 तथा संशोधन के 6,357 आवेदन स्वीकृत किए गए। अधिकारियों ने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई।
पवई विधानसभा में सर्वाधिक मतदाता, 1,004 मतदान केन्द्र स्थापित
विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार पवई विधानसभा में सर्वाधिक 2,77,144 मतदाता दर्ज हुए, जिनमें 1,48,208 पुरुष एवं 1,28,936 महिला मतदाता शामिल हैं। गुनौर विधानसभा में कुल 2,28,487 तथा पन्ना विधानसभा में 2,45,138 मतदाता पंजीकृत हैं। सर्विस वोटर्स में पन्ना में 185, पवई में 41 और गुनौर में 89 मतदाता शामिल हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में कुल 1,004 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। एसआईआर प्रक्रिया के अंतर्गत लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी एवं नो मैपिंग के तहत 1,46,466 नोटिस जारी किए गए, जिनकी सुनवाई उपरांत 1,547 नाम विलोपित किए गए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मधुवंतराव धुर्वे, निर्वाचन पर्यवेक्षक उमाशंकर दुबे सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान फोटोरहित मतदाता सूची की सीडी एवं फोटोयुक्त सूची के सेट वितरित किए गए। अधिकारियों ने राजनैतिक दलों से आवश्यक जानकारी बूथ लेवल एजेंट तक पहुंचाने का आग्रह किया
Comments (0)