इंदौर और आसपास के इलाकों में इन दिनों तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब 4 से 5 डिग्री ज्यादा है। बढ़ती गर्मी के कारण लोग डिहाइड्रेशन से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। शहर में लोग पानी, फल, जूस, शरबत, आइसक्रीम और कुल्फी का सेवन कर खुद को तरोताजा रखने की कोशिश कर रहे हैं।
गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में गन्ने के रस की मांग तेजी से बढ़ गई है। आमतौर पर गन्ने के रस की डिमांड मार्च के आखिरी सप्ताह या अप्रैल के पहले सप्ताह से शुरू होती थी, लेकिन इस बार मार्च के पहले सप्ताह से ही इसकी मांग बढ़ने लगी है। ताजा और शुद्ध होने के कारण लोग गन्ने का रस ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
शहर के कई बाजारों और सड़कों पर गन्ने के रस की चरखी से लेकर पक्की दुकानों तक बड़ी संख्या में दुकानें लग गई हैं। इन दुकानों पर रस पीने वालों की भी अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है।दुकानदार गन्ने के रस को और स्वादिष्ट बनाने के लिए उसमें बर्फ, नींबू, पुदीना, अदरक और काला नमक मिलाकर परोस रहे हैं। यह रस शरीर में पानी की कमी को दूर करने के साथ-साथ शुगर और विटामिन की कमी को भी पूरा करने में मदद करता है, इसलिए लोग इसे गर्मी में काफी पसंद कर रहे हैं।
Comments (0)