बैकुंठपुर/कोरिया। आज मुख्यमंत्री विक्ष्णु देव साय की अध्यक्षता में सरगुजा विकास प्राधिकरण की अहम बैठक बैकुंठपुर के जिला पंचायत परिसर में आयोजित हुई। बैठक में प्राधिकरण क्षेत्र के विधायक, सांसद एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा एवं दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई, जिसमें पिछले समय में स्वीकृत किए गए विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही जिन प्रस्तावों और कार्यों को स्वीकृति मिली है, उनका अनुमोदन भी किया गया। अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं पर सार्थक चर्चा की और आगे की कार्ययोजना पर सहमति व्यक्त की गई।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री साय रामानुज हाईस्कूल ग्राउंड में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इसके बाद वे कोरिया महोत्सव का शुभारंभ भी करेंगे, जिसमें लोक संस्कृति और कला-संस्कृति को स्थानीय तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजन किया गया है।
प्रशासन ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली गई हैं। बैठक एवं कार्यक्रमों के माध्यम से सरगुजा क्षेत्र के समग्र विकास को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।