उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार सुबह भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी कर्ण शर्मा और सिद्धार्थ कौल बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। दोनों खिलाड़ियों ने तड़के होने वाली प्रातःकालीन भस्म आरती में भाग लिया और ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
भस्म आरती के दौरान दोनों क्रिकेटरों ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना भी व्यक्त की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। भस्म आरती के पश्चात मंदिर समिति की ओर से कर्ण शर्मा और सिद्धार्थ कौल का सम्मान किया गया।
कर्ण शर्मा ने कहा कि “बाबा महाकाल जब भी बुलाते हैं, मैं दर्शन के लिए जरूर आता हूं। यहां की व्यवस्था बहुत अच्छी है और दर्शन कर आत्मिक शांति मिलती है।”
वहीं सिद्धार्थ कौल ने कहा कि “बाबा महाकाल के दर्शन से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। हर व्यक्ति को जीवन में एक बार भस्म आरती में जरूर शामिल होना चाहिए।” महाकाल मंदिर में आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ वीआईपी भक्तों का भी निरंतर आगमन बना रहता है। खिलाड़ियों के आगमन से मंदिर परिसर में विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला।
Comments (0)