उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के विरोध को लेकर बयान देने वाले उज्जैन उत्तर से भाजपा विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा को शुक्रवार देर रात भोपाल तलब किया गया। यहां उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह से मुलाकात की। इसके बाद वे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनसे चर्चा की। बैठक में सिंहस्थ से जुड़े सड़क निर्माण को लेकर दिए गए उनके बयान पर नाराजगी जताई गई और उन्हें समझाइश दी गई।
बैठक के बाद विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने अपने बयान पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि वे सिंहस्थ से जुड़े सभी विकास कार्यों में सहयोग करेंगे और उनकी ओर से कोई बाधा नहीं आएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन को फैसले लेने से पहले स्थानीय लोगों से चर्चा करनी चाहिए।
पिपलीनाका में सड़क चौड़ीकरण बना विवाद
उज्जैन के पिपलीनाका क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। इस क्षेत्र में कई मकान और दुकानें प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी। इसी मुद्दे पर विधायक कालूहेड़ा ने शुक्रवार को कहा था कि अगर सड़क 24 मीटर से ज्यादा चौड़ी की गई तो वे खुद सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
410 घरों को मिला खाली करने का नोटिस
भैरवगढ़ रोड के किनारे करीब 410 घर बने हुए हैं। नगर निगम ने इन मकानों को 7 दिन में खाली करने का नोटिस जारी किया है। कई मकानों का हिस्सा 10 से 20 फीट तक प्रभावित हो सकता है और शेष हिस्से को तोड़ने की तैयारी की जा रही है।
नोटिस के बाद लोगों में नाराजगी
नोटिस मिलने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई। लोगों ने विधायक कार्यालय का घेराव किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने विधायक से हस्तक्षेप की मांग की, जिस पर विधायक ने उनके समर्थन में आंदोलन करने की बात कही थी।
स्थानीय लोगों से चर्चा के दौरान विधायक ने कहा कि जनता की भावनाओं का सम्मान करना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों को मुख्यमंत्री तक सही जानकारी पहुंचानी चाहिए, ताकि किसी भी फैसले से पहले जनता की समस्याओं को समझा जा सके।
Comments (0)