संघ लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। इस परीक्षा में राजस्थान के कोटा के अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर आकांक्षा धुल रहीं। लिखित परीक्षा और इंटरव्यू (पर्सनैलिटी टेस्ट) के आधार पर यह अंतिम परिणाम जारी किया गया है। इस बार मध्यप्रदेश के उम्मीदवारों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है और प्रदेश के तीन अभ्यर्थी टॉप-10 में जगह बनाने में सफल रहे हैं।
UPSC ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में मेरिट के आधार पर कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया है। चयनित उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और केंद्र सरकार की ग्रुप ‘A’ तथा ‘B’ सेवाओं में नियुक्ति दी जाएगी।
भोपाल, धार और सागर के अभ्यर्थियों ने बनाई टॉप-10 में जगह
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में मध्यप्रदेश के कई उम्मीदवारों ने बेहतरीन रैंक हासिल की है। भोपाल के ईशान भटनागर ने देशभर में 5वीं रैंक प्राप्त की है। वहीं धार के प्राक्षल सेकेट्री ने 8वीं रैंक हासिल की है। सागर की आस्था जैन ने ऑल इंडिया 9वीं रैंक प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया। इसके अलावा अशोकनगर के चितवन जैन ने 17वीं रैंक हासिल की है।
खंडवा की रूपल जायसवाल को 43वीं रैंक
प्रदेश के खंडवा की रूपल जायसवाल ने सिविल सेवा परीक्षा में 43वीं रैंक प्राप्त की है। वहीं मऊगंज जिले के डगडौआ गांव की समीक्षा द्विवेदी ने 56वीं रैंक हासिल कर टॉप-100 में जगह बनाई। नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा की एसडीएम पूजा सोनी ने 249वीं रैंक हासिल की है। सतना की भूमिका जैन ने 331वीं रैंक प्राप्त कर IRS अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया है।
इसी तरह गुना की देवांगी मीणा ने 236वीं रैंक हासिल कर IRS सेवा में स्थान पाया है। पन्ना के अभिजीत जैन को 170वीं रैंक मिली है, जबकि इंदौर के अक्षत बलद्वा ने 173वीं रैंक हासिल की। वे 100 प्रतिशत ब्लाइंड कैटेगरी से हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
UPSC 2025 में मध्यप्रदेश के प्रमुख चयनित उम्मीदवार
ईशान भटनागर (AIR 5) – भोपाल
प्राक्षल सेकेट्री (AIR 8) – धार
आस्था जैन (AIR 9) – सागर
चितवन जैन (AIR 17) – अशोकनगर
रूपल जायसवाल (AIR 43) – खंडवा
समीक्षा द्विवेदी (AIR 56) – मऊगंज
अभिषेक चतुर्वेदी (AIR 104) – ग्वालियर
अनुराग सिंह (AIR 165) – जबलपुर
अभिजीत जैन (AIR 170) – पन्ना
अक्षत बलद्वा (AIR 173) – इंदौर
प्रिया वर्मा (AIR 210) – इंदौर
देवांगी मीणा (AIR 236) – गुना
पूजा सोनी (AIR 249) – नरसिंहपुर
भूमिका जैन (AIR 331) – सतना
गौरतलब है कि UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित की गई थी, जबकि इंटरव्यू दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच लिए गए। आयोग ने दो उम्मीदवारों का परिणाम फिलहाल रोक रखा है। इसके अलावा 348 उम्मीदवारों का चयन अभी प्रोविजनल रखा गया है, जिनका अंतिम चयन दस्तावेजों और अन्य सत्यापन के बाद किया जाएगा।
Comments (0)