रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में स्थित भीम सरिया मिनरल प्रा. लि. की लकड़ी फैक्ट्री में आधी रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। घटना के दौरान फैक्ट्री के अंदर मौजूद एक ट्रैक्टर और कई मशीनें जलकर खाक हो गईं।
बताया जा रहा है कि आग लगने के वक्त फैक्ट्री के अंदर दो कर्मचारी फंस गए थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर निगम और निजी दमकल की 6 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब ढाई से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि आग की वजह से फैक्ट्री को भारी नुकसान हुआ है और पूरा परिसर लगभग जलकर खाक हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Comments (0)