महाशिवरात्रि की पावन बेला में आज से 139 दिवसीय विक्रमोत्सव -2026 का भव्य शुभारंभ हो रहा है। देवास रोड स्थित शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान पर शाम 7.30 बजे होने वाले उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण मुंबई के प्रसिद्ध संगीतकार प्रीतम की विशेष ‘शिवोहम’ संगीतमय प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम से पहले शंख एवं डमरू वादन के साथ शिवनाद होगा, जिससे संपूर्ण वातावरण शिवमय हो जाएगा। इसके लिए मंच को अत्याधुनिक ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था से सजाया गया है।
सम्राट विक्रमादित्य शोधपीठ परिसर में महाभारत कालीन अस्त्र-शस्त्रों की प्रदर्शनी तथा कालिदास संस्कृत अकादमी परिसर में आर्ष भारत, 84 महादेव, श्रीकृष्ण प्रभात, रागमाला, जनजातीय लोक और उज्जैन-अयोध्या के विक्रमादित्य से संबंध पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई है!
41 से अधिक बहुआयामी कार्यक्रम
इस वर्ष विक्रमोत्सव में देश-विदेश के चार हजार से अधिक कलाकार भाग लेंगे। शिवरात्रि मेला, महाकाल वन मेला, कृषि मेला, विक्रम व्यापार मेला, नृत्य-संगीत समारोह, शिवपुराण कथा, ड्रोन शो, राष्ट्रीय विज्ञान समागम, वेद अंताक्षरी और विभिन्न प्रकाशनों का लोकार्पण जैसे आयोजन होंगे।
16 फरवरी से विक्रम नाट्य समारोह
16 से 25 फरवरी तक पं. सूर्यनारायण व्यास संकुल में प्रतिदिन शाम 7.30 बजे विक्रम नाट्य समारोह आयोजित होगा। इसमें जटायुवधम्, चारुदत्तम्, अभिज्ञान शाकुंतलम्, अंधायुग और सौगंधिकाहरणम् जैसी शास्त्रीय नाट्य प्रस्तुतियां मंचित की जाएंगी।
19 मार्च को विशाल मिश्रा की प्रस्तुति
19 मार्च (वर्ष प्रतिपदा/गुड़ी पड़वा) को रामघाट-दत्त अखाड़ा के मध्य बने विशेष मंच से गायक विशाल मिश्रा प्रस्तुति देंगे। वहीं महाशिवरात्रि पर प्रदेश के 60 से अधिक प्रमुख शिव मंदिरों में सांस्कृतिक मेलों का आयोजन भी होगा।
Comments (0)