रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज 62वां जन्मदिन पूरे प्रदेश में उत्साह और सेवा भाव के साथ मनाया गया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन को जनसेवा दिवस के रूप में मनाते हुए विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए। राजधानी रायपुर में सुबह से ही जश्न का माहौल देखने को मिला। हेलिपैड परिसर में मुख्यमंत्री को प्रतीकात्मक रूप से लड्डुओं से तोला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लगाए गए। मुख्यमंत्री के स्वस्थ, मंगलमय और दीर्घायु जीवन की कामना के लिए आकाशवाणी चौक स्थित काली मंदिर में विशेष हवन-पूजन का आयोजन किया गया। प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकास के लिए भी प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं की भी बड़ी भागीदारी रही।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और जरूरतमंदों को फल-वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
Comments (0)