रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के छात्र-छात्राओं को परीक्षाओं के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आत्मविश्वास और हौसले के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के नाम जारी अपने आत्मीय संदेश में कहा कि परीक्षाएं जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होती हैं। इस दौरान उत्साह के साथ थोड़ा तनाव होना स्वाभाविक है, लेकिन घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी तैयारी पर भरोसा रखें और पूरी एकाग्रता के साथ परीक्षा दें।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वयं को परखने और अपनी क्षमता को साबित करने का अवसर है। मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ किया गया प्रयास निश्चित रूप से अच्छे परिणाम देता है। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की कि वे विद्यार्थियों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उनका मनोबल बढ़ाएं और सकारात्मक वातावरण तैयार करें, ताकि बच्चे बिना तनाव के बेहतर प्रदर्शन कर सकें। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें।
Comments (0)