दिल्ली में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी की मार महसूस की जा रही है। पहाड़ों से आने वाली सर्द हवाओं की जगह अब गर्म और शुष्क पछुआ हवाओं ने ले ली है, जिससे तापमान सामान्य से 7-8 डिग्री ऊपर पहुंच गया है। राजधानी में पारा 33 डिग्री तक पहुंच चुका है, जो सीजन का नया रिकॉर्ड बनाने की ओर है। मौसम विभाग के अनुसार होली के दिन तापमान 35 डिग्री या उससे अधिक दर्ज हो सकता है। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा है। आने वाले तीन दिनों में हवाओं की रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी का असर
उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में तेजी से इजाफा देखने को मिल रहा है। आज के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री के बीच रह सकता है। वाराणसी और प्रयागराज जैसे शहरों में गर्मी का असर ज्यादा दिख रहा है। न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री के आसपास रहने से सुबह और रात के समय हल्की ठंडक का एहसास बना रहेगा। मौसम विभाग ने 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सतही हवाएं चलने की संभावना जताई है।
पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड का बदलता मौसम
इन उत्तरी राज्यों में अगले 48 घंटों के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चलने की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, 4 मार्च की रात से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते 4 से 7 मार्च के बीच पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल और उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में 4 मार्च के बाद छिटपुट वर्षा और बर्फबारी की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में गर्मी का विस्तार
राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में भी तापमान लगातार ऊपर जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। कोंकण और गुजरात के कुछ हिस्सों में नमी वाली गर्मी परेशान कर सकती है। वहीं मध्य प्रदेश में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज होने लगा है, जिससे गर्मी का अहसास बढ़ता जा रहा है।
दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की संभावना
उत्तर भारत में गर्मी बढ़ने के बीच दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के आसार बने हुए हैं। केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं असम, मेघालय और सिक्किम में बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे इन क्षेत्रों में मौसम कुछ हद तक राहत भरा रह सकता है।
Comments (0)