प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है, जिससे दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 6 से 7 दिनों तक तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है, हालांकि फिलहाल ठंड का असर बना रहेगा।शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री, माना में 12 डिग्री और रायपुर में 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं दुर्ग और पेंड्रा में पारा क्रमशः 9.5 और 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अब कुछ दिनों के लिए राहत मिलने के संकेत
जनवरी माह में जारी कड़ाके की ठंड से अब कुछ दिनों के लिए राहत मिलने के संकेत हैं। नमीयुक्त हवाओं के असर से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अगले 5 से 6 दिनों तक बना रह सकता है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। रविवार को आसमान साफ रहने के कारण दिन में धूप का असर दिखा और अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ गया।
ठंड पर अधिक असर नहीं
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान अभी भी 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, इसलिए ठंड का असर पूरी तरह कम नहीं होगा। हालांकि शीतलहर और पाले जैसी स्थितियों से कुछ दिनों के लिए राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद ठंड के दोबारा लौटने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
12 जनवरी को राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Comments (0)