मुंबई - हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसी दिग्गज अभिनेत्रियां रही हैं, जिन्होंने मां बनने के बाद कुछ समय के लिए एक्टिंग से दूरी बनाई। इसकी वजह सिर्फ करियर का ब्रेक नहीं, बल्कि बच्चे की परवरिश और परिवार को समय देना भी रहा। बिपाशा बसु भी इसी लिस्ट में शामिल हैं। बेटी के जन्म के बाद उन्होंने एक्टिंग से दूरी बनाए रखी और अब करीब छह साल बाद स्क्रीन पर वापसी की तैयारी कर रही हैं। आइए जानते हैं उन अभिनेत्रियों के बारे में, जिन्होंने मां बनने के बाद फिल्मों से ब्रेक लिया।

बिपाशा बसु
बिपाशा बसु ने हिंदी सिनेमा में अपनी बोल्ड और दमदार भूमिकाओं के जरिए अलग पहचान बनाई। करण सिंह ग्रोवर से शादी के बाद उन्होंने धीरे-धीरे फिल्मों से दूरी बनानी शुरू की। साल 2022 में बिपाशा और करण के घर बेटी देवी का जन्म हुआ। मां बनने के बाद बिपाशा ने बेटी की परवरिश पर ध्यान देने के लिए एक्टिंग से ब्रेक लिया। हालांकि, उन्होंने कभी अपने अभिनय करियर को खत्म करने का ऐलान नहीं किया। अब वह 'बाराबंकी' सीरीज के जरिए एक्टिंग में वापसी करने जा रही हैं। इस प्रोजेक्ट का निर्देशन हंसल मेहता कर रहे हैं।

कैटरीना कैफ
कैटरीना कैफ भी उन अभिनेत्रियों में हैं, जिन्होंने मां बनने के बाद अपने काम से दूरी बनाई। कैटरीना ने 2021 में अभिनेता विक्की कौशल से शादी की थी। इसके बाद नवंबर 2025 में उन्होंने बेटे को जन्म दिया। मां बनने से पहले कैटरीना की फिल्म 'मेरी क्रिसमस' जनवरी 2024 में रिलीज हुई थी। इसके बाद वह बड़े पर्दे से दूर रहीं। फिलहाल उनके फैंस उनकी अगली फिल्म और कमबैक का इंतजार कर रहे हैं।

सोनम कपूर
सोनम कपूर ने अपने अभिनय के साथ-साथ फैशन सेंस से भी बॉलीवुड में खास पहचान बनाई। 'रांझणा' और 'खूबसूरत' जैसी फिल्मों में उनके काम को दर्शकों ने पसंद किया। उन्होंने 2007 में फिल्म 'सांवरिया' से बॉलीवुड डेब्यू किया था। सोनम 2019 में 'द जोया फैक्टर' में नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने अगस्त 2022 में बेटे वायु को जन्म दिया। मां बनने के बाद सोनम ने फिल्मों से ब्रेक लिया, लेकिन ज्यादा लंबे समय तक पर्दे से दूर नहीं रहीं। उन्होंने 2023 में ओटीटी प्रोजेक्ट के जरिए एक्टिंग में वापसी की।

ऐश्वर्या राय बच्चन
ऐश्वर्या राय बच्चन ने भी बेटी आराध्या के जन्म के बाद अपने करियर की रफ्तार धीमी कर दी थी। साल 2011 में मां बनने के बाद उन्होंने कुछ समय तक फिल्मों से दूरी बनाए रखी और परिवार को प्राथमिकता दी। कई साल के ब्रेक के बाद ऐश्वर्या ने 2015 में फिल्म 'जज्बा' से फिल्मों में वापसी की। इसके बाद उन्होंने अपनी पसंद के चुनिंदा प्रोजेक्ट्स पर ही ध्यान दिया।

काजोल
काजोल ने भी अपने करियर में दो बार मां बनने के बाद एक्टिंग से ब्रेक लिया। उनकी पहली बेटी न्यासा का जन्म 2003 में हुआ था। इसके बाद काजोल ने कुछ समय के लिए फिल्मों से दूरी बनाई और 2006 में 'फना' के साथ बड़े पर्दे पर वापसी की। इसके बाद 2010 में बेटे युग के जन्म के बाद उन्होंने दोबारा काम से ब्रेक लिया। करीब पांच साल बाद काजोल ने 2015 में 'दिलवाले' के जरिए फिल्मों में वापसी की।
मां बनने के बाद बदली करियर की रफ्तार
इन अभिनेत्रियों की कहानियां यह दिखाती हैं कि फिल्म इंडस्ट्री में सफल करियर के बावजूद कई कलाकारों के लिए मातृत्व एक अहम पड़ाव रहा है। किसी ने कुछ साल का ब्रेक लिया तो किसी ने ओटीटी के जरिए वापसी की। वहीं, कुछ अभिनेत्रियां अभी अपने अगले प्रोजेक्ट के साथ दोबारा स्क्रीन पर लौटने की तैयारी में हैं। बिपाशा बसु का कमबैक भी इसी वजह से खास माना जा रहा है। लंबे अंतराल के बाद उन्हें नए प्रोजेक्ट में देखना उनके फैंस के लिए निश्चित तौर पर दिलचस्प होगा।