मध्यप्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सरकार की प्राथमिक योजनाओं की समीक्षा को लेकर आज अहम बैठक आयोजित होने जा रही है। अनुराग जैन प्रदेश के सभी संभागायुक्तों और कलेक्टरों के साथ वर्चुअल कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों की होगी समीक्षा
सूत्रों के अनुसार बैठक में उन सभी प्रमुख बिंदुओं की समीक्षा की जाएगी, जिन पर मुख्यमंत्री ने पिछली कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में विशेष निर्देश दिए थे। प्रशासनिक अमले से यह जानकारी ली जाएगी कि योजनाओं और निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना असर दिखाई दे रहा है। बैठक में विकास कार्यों की गति, जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन, कानून-व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, राजस्व मामलों और अन्य प्राथमिक मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
सरकार की प्राथमिकताओं पर वन-टू-वन चर्चा
मुख्य सचिव अनुराग जैन अधिकारियों के साथ सरकार की प्राथमिकता वाले विषयों पर वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे। इसमें जिलों की स्थिति, लंबित कार्यों और प्रशासनिक चुनौतियों पर फीडबैक लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि राज्य सरकार अब जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभाव और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दे रही है।
29 मई को मुख्यमंत्री भी करेंगे बड़ी कॉन्फ्रेंस
गौरतलब है कि सीएम डॉ. मोहन यादव भी 29 मई को कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस करेंगे। मुख्यमंत्री की बैठक में प्रदेश के विकास कार्यों, जनहित योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की जाएगी। सरकारी स्तर पर इसे प्रशासनिक कसावट और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।