मध्यप्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। राजधानी भोपाल में गुरुवार शाम तेज हवाओं और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। वहीं सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।
29 जिलों में आंधी और बारिश का असर
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 29 जिलों में आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं। सबसे अधिक वर्षा श्योपुर जिले में दर्ज की गई, जहां करीब पौने दो इंच बारिश हुई। मंडला में लगभग पौन इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि भोपाल, नर्मदापुरम और राजगढ़ में करीब आधा इंच बारिश दर्ज हुई।
भोपाल और इछावर में झमाझम बारिश
राजधानी भोपाल में रातभर रुक-रुककर बारिश होती रही। गुरुवार सुबह भी कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। शाम होते-होते मौसम ने फिर करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। सीहोर जिले के इछावर में भी झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को राहत मिली।
कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बरसे बादल
मौसम विभाग के अनुसार गुना, दमोह, सागर, उमरिया, मलाजखंड, रायसेन, सीहोर, शाजापुर, विदिशा और मैहर सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इसके अलावा बैतूल, हरदा, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी, रीवा, धार, बड़वानी, बुरहानपुर, मुरैना, अशोकनगर, जबलपुर, नरसिंहपुर और शहडोल जिलों में भी वर्षा दर्ज की गई। भोपाल के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने की भी जानकारी सामने आई है।
22 जून तक मानसून की एंट्री की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां आगामी दिनों में भी जारी रह सकती हैं। वर्तमान मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, मध्यप्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री 22 जून तक हो सकती है, जिसके बाद प्रदेश में व्यापक स्तर पर वर्षा गतिविधियां शुरू होने की संभावना है।